भीषण गर्मी में तड़पा वार्ड 15, तीन दिन से अंधेरे में गुजार रहे रातें, टूटे बिजली तार बने मुसीबत
बगड़,@ बगड़ न्यूज़,झुंझुनूं। कस्बे के वार्ड नंबर 15 स्थित चंद्रनाथ जी मंदिर के पीछे के क्षेत्र में तेज आंधी के कारण बिजली के तार टूट जाने से पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं होने से स्थानीय निवासी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
वार्डवासियों के अनुसार हाल ही में आई तेज आंधी के दौरान बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके बाद से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। लगातार तीन दिनों से बिजली नहीं होने के कारण लोगों को पेयजल, पंखे, कूलर और अन्य आवश्यक सुविधाओं के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और बिजली कटौती के कारण बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वार्डवासियों ने संबंधित विद्युत विभाग को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक समाधान नहीं होने पर नाराजगी जताई है।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से शीघ्र टूटे हुए तारों की मरम्मत कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
वीडियो देखें :पूरी खबर की वीडियो देखने के लिए क्लिक करें